दिल्ली से रक्सौल जा रही सत्याग्रह एक्सप्रेस में रविवार रात दैनिक यात्रियों के दो गुटों में मारपीट हो गई। मारपीट होने पर ट्रेन में सफर कर रहे अन्य यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने मामले की सूचना जीआरपी को दी,
लेकिन पिलखुवा स्टेशन आने से पहले ही आरोपी चेन पुलिंग कर भाग गए। सूचना मिलने पर जीआरपी व आरपीएफ मौके पर पहुंची। इस दौरान करीब 15 मिनट तक ट्रेन पिलखुवा स्टेशन से कुछ दूर पहले रुकी रही।
जानकारी के अनुसार रविवार रात सत्याग्रह एक्सप्रेस दिल्ली से रक्सौल जा रही थी। जैसे ही ट्रेन मसूरी (गाजियाबाद) के समीप पहुंची तो एक कोच में पिलखुवा व हापुड़ के दैनिक यात्रियों के दो गुटों में सीट पर बैठने को लेकर कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते दोनों गुटों में मारपीट होने लगी। चलती ट्रेन में हंगामा होने पर कोच में मौजूद अन्य यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। एक यात्री ने मामले की सूचना जीआरपी को दी। जीआरपी के मुताबिक पिलखुवा वाला गुट स्टेशन आने से पहले ही ट्रेन की चेन पुलिंग कर भाग गए।
सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंची और आरोपियों की खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। लगभग 15 मिनट बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया।
वहीं, जीआरपी हापुड़ के कार्यवाहक चौकी प्रभारी नकुल कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली थी। जीआरपी के पहुंचने से पूर्व ही आरोपी भाग निकले। मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।