ज्वैलरी पर एक प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी लगाए जाने के विरोध में मंगलवार को सर्राफा कारोबारी बाइक रैली निकालकर विरोध जताएंगे। वे ट्रेन रोककर भी प्रदर्शन करेंगे। 27वें दिन भी सर्राफा बाजार बंद रहा। वहीं कांग्रेेस विधायक गजराज सिंह सोमवार को सर्राफा बाजार पहुंचे और उनके आंदोलन को समर्थन दिया।
सर्राफा एसोसिएशन और स्वर्णकार संघ के पदाधिकारी और सदस्य बाजार में एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। स्वर्णकार संघ के प्रधान जयकुमार वर्मा ने कहा कि हापुड़ जिले के 30 हजार लोग भाजपा की सदस्यता छोड़ देंगे।
सर्राफा एसोसिएशन के प्रधान संजीव जैन ने बताया कि मंगलवार को सर्राफा बाजार से बाइक रैली सुबह 11 बजे निकलेगी और रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेल रोको अभियान चलाया जाएगा। शहर की विभिन्न एसोसिएशनों से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया गया है।
कांग्रेस विधायक गजराज सिंह भी सर्राफा बाजार पहुंचे और उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार नए नए टैक्स लगाकर व्यापारियों को बर्बाद करना चाह रही है। उप प्रधान सन्नी जैन, अजय मंगल, गौरव अग्रवाल, संदीप गोयल, अमर शर्मा, विवेक शर्मा, जितेन्द्र सेठी आदि रहे।
उधर, पिलखुवा में सर्राफा व्यापारी मोहल्ला मंडी में एकत्र हुए। व्यापारी नेता दिनेश खंडेलवाल ने कहा कि केंद्र सरकार सर्राफा व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है। प्रदर्शन करने वालों में ओमप्रकाश, धीरेंद्र वर्मा, सुरेंद्र वर्मा, विक्की, सोनू वर्मा, गणपत, आदेश, संजय, उमेश, आशीष वर्मा आदि रहे।