हापुड़। ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण रेलयात्रियों की परेशानी कम नहीं हो पा रही है। शुक्रवार को संगम व नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन के साथ ही दिल्ली की तरफ जाने वाली ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से रेलवे स्टेशन आईं।
सूबेदारगंज से मेरठ जाने वाली संगम एक्सप्रेस चार घंटे, कामाख्या जंक्शन से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस चार घंटे, प्रयागराज संगम से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस दो घंटे, सहरसा जंक्शन से अमृतसर जंक्शन जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस एक घंटा 20 मिनट देरी से आई।
वहीं लालगढ़ जंक्शन से डिब्रुगढ़ को जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस एक घंटा, मुरादाबाद से गाजियाबाद जाने वाली मेमू एक घंटा, रक्सौल से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस 40 मिनट देरी से स्टेशन पर आई। मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता का कहना है कि ट्रेनों के संचालन में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं, जल्द ही संचालन में सुधार की उम्मीद है।