केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सिर्फ गुंडों, जमीन हड़पने वालों और सैफई का विकास हुआ है। जनता को तो सिर्फ धोखा और शोषण हुआ है। सूबे की सत्ताधारी पार्टी सिर्फ परिवार की राजनीति करती है।
वहीं, बसपा समाज को बांटने का कार्य करती है। भाजपा सर्वसमाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। सांध्वी ने यह बातें सोमवार को स्वर्ग आश्रम रोड स्थित राधिका पैलेस में पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में कहीं।
सांध्वी ने कहा कि सपा केंद्र सरकार की योजनाओं को विफल करने में जुटी है। ओलावृष्टि से परेशान किसानों की मदद को केंद्र सरकार ने करोड़ों रुपये प्रदेश सरकार को दिए थे, लेकिन प्रदेश सरकार ने अधिकांश किसानों को इस योजना का लाभ नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बच्चियों के संरक्षण को लेकर सुकन्या समृद्धि विकास योजना शुरू की है, ताकि अभिभावकों को बेटी की जिम्मेदारी संभालने में परेशानी न हो। जिन गांवों में बिजली नहीं पहुंची,
उन गांवों को पंडित दीन दयाल उपाध्याय योजना से रोशन करने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। विशिष्ठ अतिथि संभल से सांसद सतपाल सैनी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के जिम्मेदार सूबे के विकास को भूलकर अपने परिवार को संभालने में लगे हैं।
इन्हें किसी अन्य वर्ग का व्यक्ति दिखाई नहीं पड़ता, यही कारण है कि एक ही परिवार के 21 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुके सभी सदस्य किसी न किसी पद पर काबिज हैं। सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि बसपा ने समाज को बांटने का कार्य किया है।
भाजपा सर्वसमाज को साथ लेकर कार्य करती है, यही कारण है कि यहां काम करने वाले कार्यकर्ता को सम्मान दिया जाता है, लेकिन सपा और बसपा काम को नहीं, बल्कि गुंडागर्दी, लूटपाट करने वालों को वरियता देते हैं।
इस मौके पर सूर्यप्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष अशोक पाल, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय त्यागी, मूलचंद त्यागी, मालती भारती, लज्जारानी गर्ग, विजय खरे, प्रिंस पंडित, कविता बाना, मोहन सिंह, प्रवीण सेठी आदि मौजूद रहे।