सामान्य ज्ञान परीक्षा न कराए जाने पर हंगामा किया
- फोटो : अमर उजाला
एक संस्था की ओर घोषणा के बाद भी तय तिथि 27 मार्च को सामान्य ज्ञान परीक्षा न कराए जाने पर सैकड़ों बच्चों और उनके अभिभावकों ने हंगामा कर दिया। भीड़ ने परीक्षा के दो आयोजन कर्ताओं को भी दबोचकर पुलिस को सौँप दिया। छात्रों का आरोप है कि एडमिट कार्ड के नाम पर 10-10 रुपये लिए गए थे।
बहादुरगढ़ क्षेत्र में संचालित निजी स्कूलों के बच्चों की सामान्य ज्ञान परीक्षा का आयोजन एक संस्था की ओर से 27 मार्च को लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में किया गया था। परीक्षा में बैठने के लिए आए छात्रों ने बताया कि एडमिट कार्ड के नाम पर उनसे 10-10 रुपये लिए गए थे।
साथ ही परीक्षा के दौरान प्रत्येक छात्र से 100-100 रुपये लिए जाने थे। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों केा एक-एक लाख रुपये का इनाम देेने की घोषणा की गई थी। रविवार को सैकड़ों बच्चे अपने अभिभावकों के साथ कॉलेज पहुंचे तो मेन गेट पर ताला लटका हुआ था।
प्रिंसिपल रविंद्र कुमार ने कॉलेज में किसी भी परीक्षा की जानकारी से इंकार कर दिया। इसके बाद अभिभावकों ने हंगामा कर दो आयोजन कर्ताओं को दबोच लिया और परीक्षा की आड़ में वसूली करने का आरोप लगाया।
पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में थाने ले आई। वीरपाल, रामसिंह, अमित, सुनील का आरोप है कि कई सप्ताह से तैयारी करने के बाद भी परीक्षा न दे पाने से बच्चे मायूस हैं।
परीक्षा के दो आयोजक ओमप्रकाश निवासी नोएडा और रोहित निवासी बागपत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूरी जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। - अखिलेश कुमार, इंस्पेक्टर