विधान सभा चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस - प्रशासन ने कमर कस ली है। इसके तहत मंगलवार को पैरा मिलिट्री जवानों को साथ लेकर एसपी व डीएम ने रूट मार्च निकलवाया।
जवानों ने हापुड़ विधान सभा के शहरी व देहात क्षेत्रों में मार्च कर अपनी मुस्तैदी दिखाते हुए लोगों को निर्भीक मतदान करने का संदेश दिया। जनपद की तीन विधानसभाओं हापुड़, धौलाना व गढ़मुक्तेश्वर में 11 फरवरी को विधानसभा चुनाव का मतदान होना है।
जिसके लिए पुलिस व प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किय जा रहे हैं। लगातार पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी चुनाव को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा भी कर रहे है।
मंगलवार को कोतवाली हापुड़ नगर में डीएम अनिल ढींगरा व एसपी अलंकृता सिंह ने पुलिस कर्मियों व पैरा मिलिट्री के जवानों के साथ सुरक्षा को लेकर ब्रीफिंग की। जिसमें उन्होंने सुरक्षा के बीच मतदान कराने के लिए सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
मार्च कोतवाली से प्रारंभ होकर फ्रीगंज रोड, रेलवे रोड, अतरपुरा चौपला, गढ रोड़, चंडी रोड, खिड़की बाजार, पुराना बाजार, पीर बहाउद्दीन, बुलंदशहर रोड स्थित जदीद चौकी, मजीदपुरा, राजीव विहार से दिल्ली रोड से कोतवाली पर आकर समाप्त हुआ। मार्च देहात क्षेत्र में अमीपुर नंगौला, सरावा, मोदीनगर रोड, बदनौली सहित कई गांवों में निकाला गया।
पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने जनता को संदेश दिया कि जनता विधानसभा चुनाव में निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करे। सीओ शैलेंद्र सिंह राठौर, कोतवाली प्रभारी आरके सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।