गाजियाबाद रीजन के रोडवेज के आठ डिपो में कमाई के मामले में हापुड़ डिपो ने फिर बाजी मारी है। इस वर्ष डिपो ने 4.94 करोड़ रुपये का राजस्व लाभ कमाया है, जो बीते वर्ष के मुकाबले 17 लाख रुपये अधिक है। इस उपलब्धि के लिए संबंधित एआरएम को शासन स्तर से सम्मानित किया जाएगा।
हापुड़ डिपो से विभिन्न मार्गों पर 110 बसों का संचालन होता है। लेकिन कमाई के मामले में इस डिपो ने गाजियाबाद रीजन के लोनी, साहिबाबाद, कौसांबी, गाजियाबाद, सिकंद्राबाद, बुलंदशहर, खुर्जा डिपो को पीछे छोड़ दिया है। वर्ष 2015-16 में डिपो को 4.94 करोड़ रुपये का राजस्व लाभ हुआ है। बीते वर्ष राजस्व लाभ 4.77 करोड़ रुपये था।
रीजन में अव्वल आने पर स्थानीय एआरएम को परिवहन निगम की ओर से बधाई मिली हैं। इतना ही नहीं एआरएम को जल्द ही शासन स्तर से सम्मानित भी किया जाएगा।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक धीरज सिंह पवार का कहना है कि रोडवेज कर्मियों की मेहनत से यह उपलब्धि मिली है। भविष्य में भी वह यात्रियों को बेहतर बस सुविधा देंगे, ताकि वह फिर से अव्वल रह सके।