अतरपुरा चौपला पर लगी देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा स्थल का सुंदरीकरण का कार्य रविवार को नगर पालिका ने शुरू करा दिया है। शनिवार को कांग्रेसियों ने सुंदरीकरण शुरू कराने की मांग को लेकर नगर पालिका ईओ को ज्ञापन भी दिया था।
नगर पालिका शहर में लगी महापुरुषों की प्रतिमा स्थलों के सुंदरीकरण का कार्य करा रही है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण की प्रतिमा स्थल का सुंदरीकरण हो गया है। पर स्वर्गीय जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा स्थल का सुंदरीकरण का कार्य अभी बाकी है।
शनिवार को कांग्रेस के नगर अध्यक्ष दिनेश शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने ईओ को ज्ञापन सौंपकर एक सप्ताह में कार्य शुरू कराने की मांग की थी। साथ ही चेतावनी दी थी कि सप्ताह भर में काम शुरू न होने पर पालिका में ताला बंदी कराई जाएगी।
रविवार को पालिका प्रशासन ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा स्थल का सुंदरीकरण का कार्य शुरू करा दिया है। पालिका के सहायक अभियंता ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को तेज गति से काम कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही यह भी कहा कि जल्द ही सुंदरीकरण का कार्य पूरा हो जाएगा।