हापुड़। सर्दी में रात के समय यात्रियों का सफर मुश्किल भरा हो सकता है। परिवहन निगम द्वारा रात्रि में यात्रियों की संख्या कम होने पर बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। 25 यात्री से कम होने पर बीच रास्ते में ही बस को रोकर पीछे से आ रही दूसरी बस में यात्रियों को भेजा जाएगा।
हापुड़ रोडवेज डिपो द्वारा लखनऊ, बरेली, दिल्ली, किठौर, मोदीनगर सहित विभिन्न मार्गों पर 112 बसों का संचालन किया जाता है। लेकिन सर्दी बढ़ने के साथ ही रात्रि में यात्रियों की संख्या कम होने लगी है। ऐसे में बसों को यात्री नहीं मिल पाने के कारण डिपो को राजस्व की हानि हो रही है।
जिसके बाद डिपो ने रात्रि में यात्रियों की संख्या कम होने पर संबंधित मार्गों पर बसों का संचालन कम कर दिया है। रात्रि में 25 यात्री होने के बाद ही बस का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही लंबी दूरी की बस में यात्री बीच रास्ते में कम हो जाते हैं तो बस को रोककर पीछे से आ रही दूसरी बस में यात्रियों को समायोजित कर रवाना किया जाएगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप कुमार नायक का कहना है कि मुख्यालय के आदेश के बाद सभी चालकों और परिचालकों को 50 प्रतिशत सवारी के हिसाब से बसों का संचालन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक मार्ग पर चेकिंग स्क्वायड को बसों का निरीक्षण कर डिपो में अपनी रिपोर्ट देंगे।