गढ़ रोड रेलवे फाटक पर चल रहे ओवरब्रिज निर्माण कार्य में तेजी लाने और दोपहिया वाहनों के लिए जल्द अस्थाई रास्ता बनाने के प्रयास शुरू हो गए हैं। मामले में एसडीएम ने रविवार को गढ़ रोड रेलवे फाटक निरीक्षण कर निर्देश दिए।
गढ़ रोड स्थित रेलवे फाटक पर चार लेन के ओवरब्रिज निर्माण का काम चल रहा है। करीब एक माह से गढ़ रोड फाटक बंद है। इस कारण बड़ी संख्या में लोगों को काफी परेशानी हो रही है और वैकल्पिक जर्जर रास्तों से उन्हें आवागमन करना पड़ रहा है। शहर में लग रहे जाम को देखते हुए प्रशासन फाटक से दो पहिया वाहनों के रास्ता दिलवाने के प्रयास में है।
डीएम के निर्देश पर निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के लिए एसडीएम शमशाद हुसैन रविवार को पहुंचे। एसडीएम ने रेलवे निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता बघेल से निर्माण कार्य की जानकारी ली और तेजी से काम कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंडर पास का भी निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए।
फाटक बंद होने से शहर में वाहनों का दबाव बढ़ गया है और जाम की स्थिति बनी रहती है।