राहुल गांधी की खाट सभा के बाद अब कांग्रेसी उनकी संदेश यात्रा को लेकर जिले में गांव गांव घूमेंगे। शनिवार को तहसील चौपला के पास माहेश्वरी धर्मशाला से राहुल गांधी संदेश यात्रा का शुभारंभ हुआ।
27 अक्टूबर तक यात्रा जगह जगह सभाएं कर राहुल गांधी के संदेश को लोगों तक पहुंचाएंगे। यात्रा से पहले दिल्ली रोड स्थित माहेश्वरी धर्मशाला में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाहर से आए पार्टी पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।
जिलाध्यक्ष अयाजुद्दीन ने बताया कि जिले में इस यात्रा के तहत 15 से 27 अक्टूबर तक प्रत्येक विधान सभा में ब्लाक व न्याय पंचायत स्तर पर लोगों से संपर्क कर उन्हें राहुल गांधी के संदेश से अवगत कराया जाएगा।
यात्रा में कांग्रेस के पर्यवेक्षक नगेंद्र कुमार विकल, चुनाव प्रचार कमेटी के चेयरमैन व पूर्व सांसद सुरेंद्र प्रकाश गोयल, मंडल प्रभारी दीपक कुमार, मेहरबान आलम, विधायक गजराज सिंह, प्रदेश महासचिव व प्रचार कमेटी के चेयरमैन विजय गोयल शहर अध्यक्ष दिनेश शर्मा आदि यात्रा में शामिल रहेंगे।
15, 16, 17 अक्टूबर को हापुड़ विधान सभा की प्रत्येक न्याय पंचायत तक पहुंचेगी। गढ़ विधान सभा में 18,19, 20 व 21 अक्टूबर को, धौलाना में 22,23,24 व 25 अक्टूबर को
जबकि हापुड़ विधान सभा के बचे हुए क्षेत्र में 26 व 27 अक्टूबर को संपन्न होगी। यात्रा के दौरान कार्यकर्ता प्रतिदिन जगह जगह आठ सभाएं कर लोगों को कांग्रेस की नीतियों से अवगत कराएंगे।