ब्लॉक धौलाना की टेबिल नंबर आठ पर नंदपुर गांव के प्रधान पद के प्रत्याशियों को गलत चुनाव चिन्ह बांट दिए गए। यहीं नहीं तीन दिन तक प्रत्याशी दूसरे के चुनाव चिन्ह पर प्रचार करते रहे और उन्होंने उस चिन्ह वाले पर्चे भी छपवा लिए।
जब शिकायत पहुंची तो सभी प्रत्याशियों को बुधवार को दोबारा चुनाव चिन्ह बांटे गए। 23 नवंबर को ब्लॉक धौलाना में ग्राम पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में न्याय पंचायत धौलाना टेबिल नंबर आठ पर चुनाव चिन्हों का गलत आवंटन हो गया।
इससे नंदपुर से प्रधान पद के लिए चुनाव मैदान में उतरने वाले सातों को प्रत्याशियों को खासी परेशानी हुई। प्रत्याशी तीन दिन तक दूसरे के चुनाव चिन्ह पर प्रचार करते रहे। सरकारी कर्मचारी की गलती से प्रत्याशियों को अतिरिक्त खर्चा झेलना पड़ा।
एआरओ विजय कुमार ने प्रत्याशियों को गलत चुनाव चिन्ह बंटने की सूचना दी। धन और समय बर्बादी पर प्रत्याशियों ने एआरओ को खरीखोटी सुनाई। अब प्रत्याशियोें के सामने अपने मतदाताओं को दोबारा चिन्ह बताने की पैदा हो गई है।
निर्वाचन अधिकारी राजित राम ने कहा कि एआरओ की गलती से चिन्ह का गलत वितरण हो गया। लिपिकीय त्रुटि को सुधार कर दोबारा चिन्ह आवंटित कराए जाएंगे।
यह बेहद गंभीर मामला है। जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जो कर्मचारी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।- अजय यादव, डीएम हापुड़
दूसरे चरण के मतदान के लिए न्याय पंचायत धौलाना की टेबिल नंबर आठ पर चुनाव चिंह गलत बांटने का विवाद पहला नहीं है। अब से पहले भी इस टेबल पर ही दो बार विवाद हो चुके हैं।
23 नवंबर को दूसरे चरण के मतदान के लिए न्याय पंचायत धौलाना के टेबिल नंबर आठ पर जो विवाद हुआ, वह अब तक का तीसरा मामला है।