बाबूगढ़ से आनंद विहार बिजलीघर तक विद्युत लाइन खींचने के लिए लगाए जा रहे बिजली टावर के खिलाफ सीतादेई गांव के ग्रामीणों ने भाकियू के साथ विरोध किया। मासिक पंचायत में भी किसानों को फसल का मुआवजा नहीं मिलने तक टावर लगाने का कार्य शुरू न होने देने का फैसला किया।
इस संबंध में डीएम से मिलने पर भी सहमति बनी। बाबूगढ़ से आनंद विहार बिजलीघर तक हाईटेंशन लाइन खींचने के लिए खेतों में बिजली के टावर लगाए जा रहे हैं। रविवार को सीतादेही गांव में कमल सिंह, कालू सिंह, महाराज सिंह के खेत में बिजली के टावर लगाने को कर्मचारी पहुंचे तो ग्रामीणों ने इसका विरोध कर दिया।
पीड़ित किसानों ने भाकियू को इस मामले से अवगत कराया कि बिना मुआवजा दिए ही उनकी लाखों की फसल को बर्बाद कर टावर लगाया जा रहा है। सोमवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने बिजली कर्मियों को कार्य करने से रोक दिया।
इसके बाद फ्री गंज रोड पर भाकियू की मासिक पंचायत का आयोजन किया गया।
भाकियू के जिला उपाध्यक्ष यशवीर सिंह ने कहा कि किसानों को बिना उचित मुआवजा मिले किसान अपनी जमीन पर टावर नहीं लगाने देंगे। इस मामले में वह डीएम से भी शिकायत करेंगे।
बैठक में टेनपाल सिंह, कमल सिंह, उदयवीर सिंह, भगतराम, मुनेश पाल, नितिन बाना, बब्बल सिंह, जगवीर सिंह, भजन लाल, नरेंद्र आदि मौजूद रहे।