हापुड़। दिल्ली रोड स्थित बिजलीघर की वीसीबी मशीनों में खराबी के कारण दो फीडरों से जुड़े आठ से अधिक मोहल्लों में बिजली की समस्या बनी रही। दोपहर के समय भी लोगों ने बिजली संकट झेला। रात में पटना मुरादपुर बिजलीघर से जुड़े गढ़ रोड इलाके की आपूर्ति भी प्रभावित रही। लो वोल्टेज और ट्रिपिंग से उपभोक्ता बेहाल रहे।
दिल्ली रोड बिजलीघर में सुबह साढ़े आठ बजे फीडर नंबर पांच और दस की वीसीबी मशीनों में काम कराया गया। इस कारण रफीकनगर, राजीव विहार, त्रिलोकीपुरम, मजीदपुरा, अलीनगर, कोटला मेवतियान, दिल्ली गेट, गद्दा पाड़ा, जगदीशपुरम, पीरबाउद्दीन, किशनपुरा समेत कई मोहल्लों की सप्लाई बाधित रही।
इसके बाद सुबह करीब दस बजे फीडर नंबर 9 की वीसीबी मशीन को भी बंद कर दिया गया। उमस भरी गर्मी में बिजली की आपूर्ति नहीं मिलने से उपभोक्ता परेशान हो उठे। उधर, पटना मुरादपुर बिजलीघर से जुड़े गढ़ रोड मंडी के आस पास के क्षेत्रों में रात करीब एक बजे से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
उपभोक्ताओं को रातभर इधर उधर भटकना पड़ा। वहीं, बृहस्पतिवार को दिनभर लो वोल्टेज और ट्रिपिंग से भी उपभोक्ता बेहाल रहे। खासकर मेरठ रोड आवास विकास वाले क्षेत्रों में वोल्टेज 150 या इससे भी कम तक मिले। इसके चलते विद्युत उपकरण भी शोपीस बने रहे।
तीन मोहल्लों में बुरा हाल
नगर के मोहल्ला पन्नापुरी, हरजसपुरा, कविनगर में तीन दिन से बिजली का संकट बरकरार है। हर रोज रात में लाइनों में फाल्ट हो रहा है। शिकायत के बावजूद समस्या का निस्तारण नहीं हो रहा। मोहल्ला निवासी संजय सिंहल, आकाश सिंहल, शिवम सिंह आदि ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर, समस्या के निस्तारण की आवाज उठाई। लोगों ने बताया कि एक महिला को तार टूटने के दौरान करंट भी लग चुका है।
कोट
दिल्ली रोड बिजलीघर की वीसीबी मशीनों में थोड़ी खामियां थीं, इन्हें दुरुस्त करा दिया गया है। अब उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी। - सचिन द्विवेदी, अधिशासी अभियंता