जिले में मुर्गी पालन के इच्छुक लोगों के लिए खुशखबरी है। पशुपालन विभाग ने मुर्गी पालन को बढ़ावा देने के लिए ऋण योजना शुरू की है। इसके तहत लोगों को पांच साल के लिए एक करोड़ 80 लाख रुपये का ब्यॉज मुक्त लोन मिलेगा।
सीवीओ डा.वाईपी सिंह ने बताया कि कुक्कुट विकास नीति के तहत अंडे देने वाली मुर्गियों की यूनिट स्थापित करने के लिए योजना बनाई गई है। इस योजना के तहत लोगों को एक करोड़ 80 लाख रुपये का लोन मिलेगा,जो पांच साल तक ब्यॉज मुक्त होगा।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने वाले लोगों को अपने खाते में लोन की धनराशि की 25 प्रतिशत राशि दिखानी होगी। आवेदन करने वाले लोगों के पास तीन एकड़ भूमि होनी चाहिए।
मुर्गी पालन करने का अनुभव रखने वाले लोगों को प्राथमिकता दी जायेगी। उन्होंने बताया कि मुर्गी पालन करने के इच्छुक लोग 15 जुलाई तक सीवीओ दफ्तर या संबंधित राजकीय पशु चिकित्सालय/उप सेवा केंद्र पर आवेदन कर सकते हैं।
इसके बाद चयन प्रक्रिया शुरू की जायेगी। प्रयास हैं कि जिले में अधिक से अधिक मुर्गी पालन की यूनिट स्थापित हो सकें।