बहादुरगढ़ क्षेत्र से भागे प्रेमी युगल को पुलिस ने दिल्ली में दबोच लिया, मगर युवती पुलिस को चकमा देकर भाग निकली। बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव में बहन के घर आई एक युवती पड़ोस में रहने वाले युवक के साथ 27 जून की रात घर छोड़कर प्रेमी संग भाग गई।
युवती के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। सर्विलांस के सहारे जांच में जुटी बहादुरगढ़ पुलिस ने दिल्ली के शाहदरा में दबिश देकर युवक की बुआ के घर से प्रेमी युगल को बरामद कर लिया।
इस दौरान मौका मिलते ही युवती पुलिस के चंगुल से छूटकर भाग गई। कई घंटों तक गली-मोहल्लों की खाक छानने के बाद भी पुलिस उसका कोई सुराग नहीं लगा पाई।
बहादुरगढ़ पुलिस का कहना है कि आरोपी दिनेश निवासी पलवाड़ा को हिरासत में लेकर युवती की तलाश कराई जा रही है, जिसे बहुत जल्द बरामद कर लिया जाएगा।