पिलखुवा। कार की छत पर बैठकर हाथ में पिस्टल लहरा रहे युवक को पुलिस ने दबोच लिया। हालांकि बाद में पुलिस ने कांवड़ियों के आग्रह पर पुलिस ने पिस्टल को कब्जे में लेकर युवक को छोड़ दिया। पुलिस के अनुसार युवक से बरामद की गई पिस्टल नकली है।
हाईवे-9 पर बृहस्पतिवार की देररात गंगाजल लेकर शिवभक्त अपने गंतव्य को जा रहे थे। इसी बीच कावड़ के साथ भगवान के भजनों पर नृत्य करते शिवभक्त एलिवेटेड के नीचे पिलर संख्या 138 के पास पहुंचे। कावड़ के आगे कार की छत पर बैठकर युवक हाथ में पिस्टल लहरा रहा था। वहां से गुजर रहे एसएचओ प्रभाकर कैन्तुरा की नजर युवक पर पड़ी। युवक के हाथ में पिस्टल देख पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। कांवड़ रुकने और मौके पर श्रद्धाुलओं की भीड़ एकत्र होने से करीब 20 मिनट के लिए हाईवे पर जाम लगा गया। शिवभक्तों के आग्रह पर एसएचओ ने पिस्टल कब्जे में लेकर युवक को हिदायत देकर छोड़ दिया। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि युवक कावड़ के आगे कार की छत पर बैठकर पिस्टल दिखा रहा था, युवक से बरामद की गई पिस्टल नकली है, वह नशे में था। कावड़ियों के आग्रह पर युवक को हिदायत देकर छोड़ दिया गया है।