गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की रात मुठभेड़ में बिजली के तार चोर गिरोह के दो सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद उनके तीन फरार साथियों भी पकड़ लिया है। सभी बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि क्षेत्र के गांव मानकचौक समेत अन्य स्थानों पर बिजली के तार चोरी होने की घटना के बाद से पुलिस लगातार चोरों की तलाश में जुटी हुई थी। शुक्रवार की रात झड़ीना नहर पटरी किनोर स्थित चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई। जिसमें जनपद बुलंदशहर के थाना खानपुर क्षेत्र के गांव सुनाई निवासी इस्लाम और गांव नगला आलमपुर निवासी सुरेंद्र ऊर्फ सुंदर सिंह को पैर में गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया था। वहीं उनके तीन साथी मौके से फरार हो गए थे। उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों को पुलिस ने शनिवार की सुबह को शाहपुर नहर पटरी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपने नाम कनौज के थाना ठठिया के गांव शिकबहापुर निवासी राजेश, गाजियाबाद जनपद के कैला भट्ठा निवासी शादाब अली और फैजान अली बताए हैं। इनके पास से चोरी का तार, कटर, मिनी ट्रक, तमंचे भी बरामद हुए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर न्यायालय में पेश किया गया है।