हापुड़। ट्रेनों का लगातार बिगड़ा संचालन रेल यात्रियों का सफर मुश्किल कर रहा है। बुधवार को भी अवध असम, गरीब रथ, पद्मावत एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से चलकर रेलवे स्टेशन आई। ऐसे में रेल यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई है।
बुधवार को लालगढ़ जंक्शन से डिब्रूगढ़ जा रही अवध असम एक्सप्रेस छह घंटे, मुरादाबाद जंक्शन से गाजियाबाद जाने वाली मेमू ट्रेन तीन घंटे 30 मिनट, अमृतसर जंक्शन से सहरसा जंक्शन जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस दो घंटे, प्रयागराज संगम से सहारनपुर को जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस दो घंटे,बनारस से नई दिल्ली जा रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक घंटा देरी से आई।
वहीं रक्सौल जंक्शन से आनंद विहार टर्मिनल को जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस दो घंटा, प्रतापगढ़ जंक्शन से दिल्ली जंक्शन को जा रही पद्मावत एक्सप्रेस एक घंटा 30 मिनट, बापूधाम मोतिहारी से आनंद विहार टर्मिनल जा रही चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस एक घंटा, राधिकापुर से चलकर आनंद विहार टर्मिनल को जा रही आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस एक घंटा 30 मिनट की देरी से आई। जिससे रेल यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव का कहना है कि विभिन्न रेलखंडों में ब्लॉक लेकर चल रहे कार्य के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। जल्द ही सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। ट्रेनों के ठहराव का निर्णय मुख्यालय से लिया जाता है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।