परिवहन विभाग का जिले में अब अपना भवन होगा। किराए के भवन से जल्द छुटकारा मिल जाएगा। डीएम ने गांव गोयना में सात हजार वर्ग मीटर भूमि परिवहन विभाग के अफसरों को दी है। भूमि मिलते ही परिवहन आयुक्त से बजट की मांग शुरू कर दी गई है।
नवसृजित जिले में परिवहन विभाग का कार्यालय मेरठ रोड पर पुलिस लाइन के पास किराए के भवन में चल रहा है। इस भवन में जगह कम होने के कारण यहां तैनात अधिकारी और कर्मचारियों के साथ साथ लाइसेंस बनवाने आने वाले, वाहनों के परमिट लेने वाले व अन्य कार्यों से आने वाले लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला प्रशासन ने पहले परिवहन विभाग को गांव चितौली में कार्यालय बनाने के लिए भूमि आवंटित की थी। लेकिन इस भूमि पर कुछ लोगों ने हाईकोर्ट से स्टे ले लिया था। परिणाम स्वरूप यहां भवन नहीं बन सका। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने दोबारा से जिला प्रशासन से अनुरोध किया था कि दूसरी भूमि दी जाए ताकि वह लोग अपने भवन का निर्माण करा सकें। डीएम अनिल ढींगरा ने परिवहन विभाग को अब सात हजार वर्ग मीटर भूमि मोदीनगर रोड स्थित गांव गोयना में दी है। अब यहां जल्द ही परिवहन विभाग के कार्यालय का निर्माण हो सकेगा।
उधर, इस बाबत एआरटीओ (प्रशासन) शिव शंकर सिंह का कहना है कि जिला प्रशासन से गोयना गांव के पास सात हजार वर्ग मीटर भूमि मिल गई है। परिवहन आयुक्त को जल्द ही बजट के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा ताकि निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।
एक बार वापस जा चुका है बजट
हापुड़। गांव चितौली में परिवहन विभाग के लिए भूमि मिलने के बाद परिवहन विभाग मुख्यालय से भवन निर्माण के बजट भेज दिया गया था। लेकिन अदालत में चितौली की भूमि का मामला जाने के कारण बजट वापस चला गया था।
-