हाफिजपुर। नेशनल हाईवे-334 पर एक चर्बी का टैंकर लीक होने से लोगोंं की आफत आ गई। सड़क पर फैली चर्बी के कारण सोमवार देर रात एक मिनी ट्रक फिसलकर पलट गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, कई काफी दूर तक हाईवे पर फैली चर्बी के कारण दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल होते रहे। कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में नगर पालिका के कर्मचारियों ने सड़क पर मिट्टी डाली। वहीं, पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है।
नगर के मोहल्ला पीरबाउद्दीन निवासी राहुल सैनी ने बताया कि उसने सोमवार की शाम जिला बुलंदशहर के गांव बराल में शादी का टैंट लगाया था। मंगलवार की देर रात करीब ढाई बजे वह अपने साले नरेंद्र व महेेंद्र निवासीगण गांव मंगलपुर थाना जहांगीराबाद जिला बुलंदशहर के साथ मिनी ट्रक में टैंट का सामान भरकर घर लौट रहा था। जैसे ही मिनी ट्रक गांव सादिकपुर के पास स्थित नेशनल हाईवे-334 पर पहुंचा तो सड़क पर फैली चर्बी से फिसलकर पलट गया। इसमें उसके साले नरेंद्र सैनी की मौत हो गई। जबकि वह और महेंद्र घायल हो गए। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहुल व महेंद्र को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराकर मृतक के परिजनों को सूचना दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक श्योपाल सिंह ने बताया कि सोमवार की देर रात सड़क दुर्घटना हुई है। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बुलंदशहर रोड पर रोका टैंकर -
लोगों ने जैसे तैसे टैंकर को चुंगी के आसपास रुकवाया। इस दौरान सादिकपुर से चुंगी तक सड़क पर चर्बी फैल गई। जिसके कारण दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो गए। करीब 20 ऐसे लोगों को चोट लगी है। मौके पर नगर पालिका के कर्मचारियों ने पहुंचकर सड़क पर मिट्टी डाली।