हापुड़। थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान के सामने रोडवेज बस ने सड़क पार कर रहे मोहल्ला लज्जापुरी निवासी सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त जेई वेदप्रकाश (70) को टक्कर मार दी। इसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मृतक के परिजनों सहित मोहल्ले के सैंकड़ों लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। हादसे की सूचना पर सीओ वरुण मिश्रा, सदर कोतवाल नीरज कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मृतक के परिजनों को शांत कर शव को अपने कब्जे में ले लिया और यातायात को सुचारु कराया।
मोहल्ला निवासी वेदप्रकाश सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त जेई थे। बुधवार की शाम करीब साढ़े छह बजे वह दिल्ली रोड स्थित एक चाय की दुकान पर चाय पीने आए थे। चाय पीने के बाद जब वह पैदल अपने घर लौट रहे थे। तभी सड़क पार करते समय दिल्ली की ओर से गढ़मुक्तेश्वर जा रही एक रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। वेदप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस चालक रोडवेज बस को लेकर फरार हो गया। हादसे में वेदप्रकाश की मौत की खबर मोहल्ले में आग की तरह फैल गई। मृतक के परिजनों सहित सैंकड़ों लोग घटना स्थल पर पहुंच गए और हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। सीओ वरुण मिश्रा, सदर कोतवाल नीरज कुमार ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन लोग नहीं माने। उन्होंने पुलिस से बस चालक को उनके समक्ष लाने की मांग रखी। करीब एक घंटे तक पुलिस मृतक के परिजनों को समझाने में जुटी रही। सदर कोतवाल नीरज कुमार ने बस चालक पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर लोग शांत हुआ।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि मोहल्ला लज्जापुरी निवासी वेदप्रकाश की सड़क दुर्घटना में मौत हुई है। रोडवेज बस चालक अभी फरार है। जल्द ही बस चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, शव को कब्जे में लेकर यातायात को सुचारु कराया गया है।
एक घंटे तक लगा रहा जाम
हापुड़। हादसे में वेदप्रकाश की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों व लोगों ने दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान के पास जाम लगा दिया। सड़क के दोनों तरफ काफी लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटा लोग जाम में फंसे रहे। इस दौरान मृतक के परिजनों में शामिल एक युवक ने टी-शर्ट तक उतार दी और सड़क पर लेट गया। पुलिस के काफी समझाने के बाद लोग नहीं माने। एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को शांत कराया।