गढ़ के मुहल्ला मछेरान में शनिवार तड़के ठंड से एक वृद्ध की मौत हो गई। हालांकि प्रशासन हार्ट फेल होने से मौत होने की बात कह रहा है। उधर, बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार किए जाने से सीएमओ भी ठंड से मौत होने की पुष्टि नहीं कर पा रहे हैं।
गढ़ के मुहल्ला मछेरान में रहने वाला जहीरा माहेगीर (60) तालाब समेत जलाशयों से मछलियां पकड़ता था। और उन्हें बेचकर अपने परिवार की गुजर बसर करता था, जिसकी शनिवार की तड़के मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार सुबह करीब 6 बजे जहीरा मुहल्ले में ही रहने वाले कलुवा खां के साथ साइकिल से नाले से मछलियां पकड़ने जा रहा था। पुराने मेला मार्ग पर मस्तराम कुटी के पास तबियत बिगड़ने से वह साइकिल से नीचे गिर पड़ा।
इस पर कलुवा ने साइकिल रोकी और कई किसानों को अपने पास बुला लिया। जिन्होंने काफी देर तक मालिश करते हुए उसके शरीर को गर्मी देने की कवायद की और उसे चिकित्सक के पास ले गए।
जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कलुवा ने बताया जहीरा खां की कंपकंपा रहा था और उसके सीने में तेज दर्द हो रहा था।
मृतक के परिवार को शासन से मिले मदद
पालिका सदस्य डॉ.शमशाद अली, रमन शर्मा, प्रदीप कौशिक, परवेज चौधरी, इनाम सलमानी, जमीलुद्दीन गाजी, नूरुद्दीन अंसारी, वहीद माहेगीर, लालू गुरु ने ठिठुरती सर्दी के प्रकोप से मजदूर की मौत होने पर गहरा दुख जताया है, जिन्होंने मृतक आश्रित परिवार को शासन स्तर से आर्थिक मदद और सस्ती दर पर राशन सामग्री मुहैया कराने की मांग की है।
अलाव जलवाएं, गरम कपड़े बंटवाएं
भाकियू वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष डॉ.रामपाल सिंह चौहान का कहना है कि ठंड से मौत होने का सिलसिला जारी है। प्रशासन गढ़-ब्रजघाट समेत सभी गांवों में नियमित रूप से अलाव जलवाने के साथ ही गरीब-निराश्रित परिवारों को गरम कपड़े भी बंटवाए अन्यथा भाकियू तहसील का घेराव करेगी।
ठंड में मौत होना उसी दशा में संभव है। जब हाई ब्लड प्रेशर और हार्ट प्रॉब्लम समेत कोई दूसरी बीमारी रही हो, लेकिन इसकी पुष्टि के लिए शव का पोस्टमार्टम होना जरूरी है। लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया है। इसलिए अब मेडिकल जांच संभव नहीं है।
डॉ.सुभाष चंद्र गुप्ता, सीएमओ
गढ़ में मजदूर जहीरा खां की मौत सर्दी की बजाए दिल की बीमारी से हुई है, क्योंकि सूचना मिलते ही इस विषय में व्यापक स्तर पर जांच पड़ताल करा ली गई है।
मृतक के परिवार की आर्थिक हालत ठीक न होने पर उसे शासन स्तर से पारिवारिक लाभ योजना समेत सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
केबी सिंह, एसडीएम