हापुड़ स्टेशन पर असुविधाओं झेल रहे यात्रियों को अब रेल बजट से आस लगी है। स्टेशन के प्लेटफार्मों पर शेड और बेंच बढ़वाने की मांग काफी समय से कर रहे हैं।
पर्याप्त छाया की व्यवस्था न होने के कारण यात्रियों को धूप और बारिश में ट्रेन पकड़नी पड़ती है। क्योंकि ट्रेन के काफी कोच शेड से बाहर निकल जाते हैं।
प्लेटफार्म नंबर-4 और पांच पर टीन शेड बढ़वाने और यात्रियों के बैठने के लिए बैंचों की मांग की जा रही है। प्रवीन मित्तल का कहना है कि टीन शेड नहीं बढ़ने से यात्रियों को बारिश में परेशानी होती है।
शशांक आर्य का कहना है कि कई बार प्लेटफार्म चार व पांच पर टीनशैड बढ़वाने के लिए रेलवे के अधिकारियों को दैनिक रेल यात्री संघ से पत्र लिखा जा चुका है, लेकिन समस्या हल नहीं हो रही है।
गौरव गुप्ता का कहना है कि प्लेटफार्मों पर यात्रियों के बैठने के लिए भी सीटों की संख्या पर्याप्त नहीं है। ऐसे में यात्रियों को खड़ा रहना पड़ता है।
अंकुर का कहना है कि प्लेटफार्म चार व पांच पर भी प्लेटफार्म नंबर-एक जैसा ही टीनशैडों का निर्माण होना चाहिए। सीटें कम होने के कारण लोगों को घर से चद्दर लाकर बिछाकर बैठना पड़ता है।
इस बार के बजट में स्टेशन पर सुविधा मिलने की उम्मीद है। टीन शेड और बेंच बढ़वाने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जा चुका है। - वीरेंद्र सिंह, स्टेशन अधीक्षक