संवाद न्यूज एजेंसी
सिंभावली। वेतन, एरियर, अवकाश के भुगतान व अन्य मांगों को लेकर चल रहा चीनी मिल कर्मचारियों का धरना रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने मिल के अधिकारियों के आवासों की पानी आपूर्ति बंद कर दी।
इस दौरान सुरेश चौधरी ने कहा कि मिल प्रबंधन का कोई भी काम नहीं रुक रहा है। अधिकारी वर्ग का वेतन के साथ ही अन्य मदों का भुगतान लगातार किया जा रहा है। केवल कर्मचारियों को परेशान करने के मकसद से उनका वेतन व अन्य भत्तों का भुगतान करने में मिल प्रबंधन आनाकानी कर रहा है। वेतन न मिलने से इस समय में उन्हें स्कूलों में बच्चों के दाखिले कराने, फीस, किताब खरीदने के साथ ही घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है।
बार-बार मांग किए जाने पर भी मिल प्रबंधन उनकी जायज मांगों की सुनवाई तक करने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि धरना सोमवार को (आज) भी जारी रहे। इस दौरान ताहिर अल्वी, इंद्रजीत सिंह, ऋषिपाल, देवेंद्र चौधरी, चतुर्भुज शर्मा, राज बहादुर, अरुण त्यागी, महेश कुमार, जुबेर अली, मशकूर अली आदि मौजूद रहे।