वाणिज्य कर कार्यालय में व्यापारियों के साथ बैठक करते सलाहकार रामकिशोर अग्रवाल
- फोटो : अमर उजाला
वाणिज्य कर विभाग के सलाहकार रामकिशोर अग्रवाल ने शनिवार को व्यापारियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि अफसर और व्यापारी तालमेल बनाकर रखें। व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराया जाए।
अग्रवाल शनिवार को रेवती कुंज स्थित वाणिज्य कर कार्यालय में व्यापारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उत्तर प्रदेश उद्योग प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश मंत्री विजय अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों के रिफंड दिलवाए जाएं और मुकदमों का जल्द निस्तारण कराया जाए।
आईआईए के चैप्टर चेयरमैन अमन गुप्ता ने कहा कि अफसर और कर्मचारी समय से कार्यालय नहीं आते हैं, इससे व्यापारियों और उद्यमियों को दिक्कत होती है। संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेश अग्रवाल ने कहा कि फार्म 32 मिलने में दिक्कत आती है।
जब अफसर समय से नहीं बैठेंगे तो समस्या का कैसे निस्तारण हो सकेगा। वाणिज्यकर विभाग के सलाहकार रामकिशोर अग्रवाल ने आश्वासन दिया कि समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा।
एड. कमिश्नर आरबी चौधरी, प्रमोद कुमार यादव, ज्वाइंट कमिश्नर उत्तम सिंह, डिप्टी कमिश्नर श्रीनिवास गंगवार, बीसी रामआसरे, व्यापारी नेता लोकेश सिंहल, हापुड़ स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सिंहल, उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र गोयल, संजय गर्ग आदि रहे।