माघ पूर्णिमा पर सोमवार को गंगा स्नान के चलते एनएच-24 पर जाम झेलना पड़ सकता है। गंगा स्नान के लिए हजारों श्रद्धालु गढ़ और ब्रजघाट के गंगा घाटों पर पहुंचेंगे, जिससे हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा।
ऐसे में एनएच-24 का सफर करने से पहले स्थिति का पता कर लें। माघ पूर्णिमा पर ब्रजघाट और गढ़ गंगा में स्नान के लिए हजारों लोग पहुंचेंगे। दिल्ली-एनसीआर समेत अन्य राज्यों से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है।
गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ आदि जिलों से भी लोग ट्रैक्टर-ट्राली, भैंसा-बुग्गी आदि वाहनों से गंगा किनारे पहुंचते हैं। इससे गढ़ क्षेत्र में एनएच-24 पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है, जो कि जाम का कारण बनता है।
जाम लगे तो यहां से निकलें
दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ की ओर जाने वाले वाहन ब्रजघाट से पलवाड़ा रोड वाया डेहरा कुटी से वैट होकर हाईवे पर पहुंच सकेंगे। मेरठ, बागपत, बड़ौत, किठौर क्षेत्र के वाहन गांव अल्लाबख्शपुर के सामने से महमाई रोड होकर गढ़ कस्बे से निकलकर मेरठ रोड पर पहुंच सकेंगे। बुलंदशहर, स्याना, औरंगाबाद के वाहन ब्रजघाट वाया पलवाड़ा रोड होकर लौट सकेंगे।
जाम से निपटने के लिए अतिरिक्त बंदोबस्त किए गए हैं। गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। - सतीश चंद्र पांडेय, डीएसपी