हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के यूपी एग्रो के पास पैदल जा रही महिला से एक टप्पेबाज कुंडल लेकर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे को खंगाल कर रही है।
तहसील परिसर निवासी कुसुमलता ने बताया कि वह कलक्ट्रेट स्थित संग्रह अनुभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। शनिवार की सुबह करीब दस वह ई-रिक्शा में सवार होकर दिल्ली रोड स्थित बालाजी मंदिर से पहले उतरी। इसके बाद वह पैदल अपने कार्यालय जा रही थी। यूपी एग्रो कार्यालय के पास एक युवक ने उसे रोक लिया। इस दौरान टप्पेबाज उसके हाथों में पहने कड़े व कानों के कुंडलों को पीतल का बताने लगा। वह उसकी बातों में आ गई। आरोपी उसके कुंडल लेकर फरार हो गया।
महिला ने कार्यालय पहुंचकर अपने अधिकारियों को इसकी सूचना दी। अधिकारियों द्वारा दी गई सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले और टप्पेबाज की तलाश में जुट गए। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि महिला द्वारा दी गई तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।