बुलंदशहर रोड स्थित फिरोज बिल्डिंग के पास लगे 400 केवी के ट्रांसफार्मर की लीड में शुक्रवार को फाल्ट हो गया। इससे दो मोहल्लों की बत्ती गुल होने से लोगों गर्मी से कराह उठे। पानी की किल्लत से भी लोगों को जूझना पड़ा।
करीब दो घंटे बाद मरम्मत के बाद बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। गद्दा बाड़ा और देहली गेट को बिजली आपूर्ति फिरोज बिल्डिंग के पास लगे 400 केवी के ट्रांसफार्मर से होती है।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे ट्रांसफार्मर की लीड में ओवरलोड के चलते फाल्ट हो गया। इससे दोनों मोहल्लों की सप्लाई गुल हो गई। भीषण गर्मी में आपूर्ति बाधित होने से लोगों में हाहाकार मच गया।
सूचना पर पहुंचे निगम कर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद फाल्ट को दुरुस्त कर सप्लाई शुरू कराई। भीषण गर्मी में लोगों को पानी किल्लत से भी परेशानी का सामना करना पड़ा। आए दिन फाल्ट से लोगों में कारपोरेशन के प्रति गुस्सा है।
एसडीओ नितिन कुमार का कहना है कि अधिक गर्मी पड़ने से ट्रांसफार्मर की लीड में फाल्ट हो गया था। इसे ठीक करके सप्लाई शुरू करा दी गई।