हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पीरबाऊद्दीन में दहेज में दो लाख रुपये व बाइक की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष पर विवाहिता की हत्या का आरोप लगा है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं।। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दिल्ली के राजीव गांधी नगर मुस्तफाबाद निवासी छोटन ने बताया कि उसने अपनी बेटी हुमा का निकाह आठ नवंबर 2019 को मोहल्ला पीरबाऊद्दीन निवासी शुऐब से किया था। उसने अपनी हैसियत के मुताबिक शादी में करीब पांच लाख रुपये खर्च किए थे। लेकिन दहेज से बेटी का पति शुऐब, ससुर रफीक, देवर समीर व चचिया ससुर सलीम नाखुश थे। सभी आरोपी दहेज में दो लाख रुपये व बाइक की अतिरिक्त मांग कर रहे थे। आरोपी लगातार उसकी बेटी का उत्पीड़न कर रहे थे। उसने ससुराल पक्ष के लोगों को काफी समझाया। शुक्रवार को उसकी बेटी ने अपनी मां को फोन करके कहा था कि दहेज के लिए उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। शनिवार तड़के किसी ने उसके पुत्र मुजाहिद को सूचना दी कि उनकी बहन को फांसी लगाकर मार दिया है। सूचना पर वह अपने परिजनों के साथ पुत्री की ससुराल पहुंचा। उसकी पुत्री की गर्दन व शरीर पर चोटों के निशान थे और ससुराल पक्ष के लोग फरार थे। सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतका की तहरीर पर पति शुऐब, ससुर रफीक, देवर समीर व चचिया ससुर सलीम के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने की धारा के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फिलहाल आरोपी फरार हैं।