पहले से ही घंटों विलंब से चल रही ट्रेनों की चाल 16 जून से और प्रभावित होने की संभावना है। वजह यह है कि रोजा और सीतापुर सेक्शन के बीच एक हाल्ट को स्टेशन बनाने के चलते मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
कुछ दिनों से मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों का शेड्यूल गड़बड़ाया हुआ है। इसके चलते यात्रियों को पहले ही परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब 16 जून बृहस्पतिवार से यात्रियों की मुश्किलें फिर बढ़ने वाली है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रोजा और सीतापुर सेक्शन में मैकलगंज और माहौली स्टेशन के बीच नीरी हाल्ट को स्टेशन बनाने का निर्णय लिया गया है। स्टेशन बनाने का काम बृहस्पतिवार से शुरू किया जाएगा, जिसके चलते मेगा ब्लॉक लिया जाएगा।
मेगा ब्लॉक के चलते इस रूट से निकलने वाली ट्रेनें अपने गंतव्य तक विलंब से पहुंचेंगी। उधर, स्टेशन अधीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि अभी मेगा ब्लॉक के चलते किन-किन ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है,
इसके बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। बुधवार सुबह तक ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन की सूची मिल जाएगी।