हापुड़। दिल्ली रोड बिजलीघर के अवर अभियंता को निलंबित करने के विरोध में बुधवार को राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के आह्वान पर अवर अभियंताओं ने एसई कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। वहीं, निलंबन वापस न लेने पर सरकारी सिम वापस लौटाने और सभी विभागीय ग्रुप छोड़ने की चेतावनी दी है।
संगठन के जिला सचिव ईश्वर प्रसाद ने कहा कि अवर अभियंता सुधीर कुमार ने नियमानुसार ही विद्युत कनेक्शन का एस्टीमेट बनाया था। लेकिन डिवीजन कार्यालय से अधिकारियों ने अपनी आईडी से उसमें छेड़छाड़ की। टीसी अपलोड होने पर जेई ने अधिकारियों को सूचना भी दी थी, जिसका प्रमाण है। लेकिन अधिकारियों ने कोई एक्शन नहीं लिया।
बल्कि अवर अभियंता सुधीर कुमार पर दबाव बनाकर दूसरा एस्टीमेट तैयार कराया। इस तरह जेई का शोषण और उत्पीड़न किया गया है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके विरोध में अवर अभियंताओं ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर, नारेबाजी की। एसई को सौंपे ज्ञापन में अवर अभियंताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगे नहीं मानी गई तो विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप छोड़ देंगे, सिम खंड कार्यालयों में जमा कराए जाएंगे, विद्युत आपूर्ति से संबंधित कार्यों का भी बहिष्कार किया जाएगा। धरना देने वालों में संतोष दिवाकर, ईश्वर प्रसाद, रविकांत वर्मा, ब्रजराज त्यागी, रामानंद सागर, बिजेंद्र कुमार, संजय कुमार, अतुल आनंद मौजूद रहे।