मोदीनगर रोड स्थित गांव जसरूपनगर में हुआ जलभराव आखिरकार मतदान में रोड़ा बन गया। मोहल्ले के मुख्य मार्ग पर हुए जलभराव से लोगों का गुस्सा फूट गया। गुस्साए लोगों ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोपी लगाते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
हालांकि बाद में अधिकांश लोग मतदान करने सिर्फ इस आस में पहुंचे कि नई सरकार बनने पर उन्हें जलभराव से राहत मिल सके। गांव जसरूपनगर के बाहरी छोर पर करीब 100 मकान बने हैं।
धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाला गंदा पानी इन घरों के आस-पास भरा रहता है। शनिवार को यह पानी मुख्य मार्ग को पार कर घरों की दहलीज तक पहुंच गया। मुख्य मार्ग पर घुटनों तक पानी भर गया।
इसे में लोगों को मतदान करने जाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। इससे गुस्साए मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। हालांकि बाद में अधिकांश लोगों ने सिर्फ इस आस में मतदान किया,
ताकि वह अपनी इच्छा के अनुसार सरकार चुन सकें, जो भविष्य में उन्हें जलभराव से राहत दिला सके। प्रदर्शन करने वालों में अनिल कुमार, राजपाल, सुमन, अंगूरी, सुनील, राजेश, राजेंद्र, रूपेश, नीरज, अमित, शोभित, अनिल, राहुल, पुष्पेंद्र, सूरज, सरिता आदि मौजूद रहे।