हापुड़। भीषण गर्मी में डिहाइड्रेशन, डायरिया और फूड प्वाइजनिंग के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इस वजह से सीएचसी और जिला अस्पताल की ओपीडी लगभग फुल हैं। ऐसे मरीजों की संख्या बढ़कर 200 के पार पहुंच गई है। मरीजों को तेज धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है।
पिछले कुछ दिनों से लगातार तापमान बढ़ रहा है। तेज धूप और गर्मी के कारण अधिक तला हुआ खाद्य पदार्थ भी नुकसान पहुंचा रहा है। इन दिनों डिहाइड्रेशन, डायरिया और फूड प्वाइजनिंग के मामले लगभग दोगुने हो चुके हैं। कुछ मरीजों को पांच से आठ घंटे तक भर्ती करके उपचार देने के बाद सेहत में सुधार होने पर डिस्चार्ज किया जा रहा है।
सीएचसी के फिजिशियन डॉ. अशरफ ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण अब लोग उल्टी-दस्त, पेट में दर्द, डिहाइड्रेशन का शिकार हो रहे हैं। प्रतिदिन भर्ती हो रहे मरीजों में से कुछ की खराब हालात अधिक होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। उल्टी, दस्त के मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा है, इसमें धूप में काम करने वाले लोग अधिक हैं।
-इन बातों का ध्यान रखने की जरूरत-
*दिन में कम से कम तीन से चार लीटर पानी पीएं, इसमें ओआरएस मिला सकते हैं।
*तरबूज, खरबूज, संतरा, अंगूर समेत रसदार फल खाएं।
*सलाद अधिक खाएं, रात में मैदा से बना भोजन करने से बचें।
*सुबह नाश्ता करके ही बाहर निकलें, नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें।