आधे अधूरे विकास कार्यों से शहर की सूरत बिगड़ रही है। साथ ही शहर के लोगों को खासी परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। कहीं सड़क खुदी पड़ी है तो कहीं नाला निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो रहा है।
इसकी वजह विभागों में आपसी तालमेल न होने और काम धीमी गति से होने की बात सामने आ रही है। लोगों की माने तो विभाग की ओर से शुरू किया गया कार्य सुस्त गति से होने से कई-कई महीने लटका रहता है।
इससे इलाकाई लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। लोगों के हो-हल्ला मचाने का भी कोई नतीजा नहीं निकलता है। फ्रीगंज रोड पर निगाह दौड़ाने पर पता चला कि यह रोड लोगों के लिए सिरदर्द बन गई है।
नगर पालिका परिषद की ओर से फ्रीगंज रोड पर करीब 4.50 करोड़ की लागत से सड़क के अलावा दोनों ओर नाला, डिवाइडर, फुटपाथ का निर्माण होना है। छह महीने पहले काम शुरू हुआ, लेकिन धीमी गति से चलने की वजह से अभी काम पूरा नहीं हो सका है।
इसके चलते खुदी सड़क व उड़ रहे धूल के गुबार से लोगों को परेशानी हो रही है। खंभों को सड़क के किनारे कराने में तीन महीने से अधिक समय लग गया है। नए खंभे तो जैसे तैसे लग गए लेकिन पुराने अभी भी नहीं हटाए गए हैं।
सड़क की हालत यह है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। उधर, स्वर्ग आश्रम रोड पर भी करीब साल भर से नाला निर्माण का कार्य चल रहा है। लेकिन जलनिगम के अफसरों की ढिलाई से न तो नाला निर्माण पूरा हो सका है और ना ही जलनिकासी की व्यवस्था हो सकी है।
फ्रीगंज रोड पर जिला कचहरी होने के कारण हजारों अधिवक्ता और वादकारियों को परेशानी हो रही है। शहर के एकमात्र रेलवे पार्क में जाने वाले हजारों लोगों, स्कूली बच्चे, रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों और इस मार्ग पर स्थित एक दर्जन कालोनियों के लोगों को अधिक दिक्कत है।
नवरत्न त्यागी का कहना है कि फ्रीगंज रोड का निर्माण क्या हो रहा है यहां के लोगों के लिए यह नरक बनता जा रहा है। धूल और जर्जर सड़क के कारण काफी दिक्कत हो रही है, लेकिन कोई सुनने के लिए तैयार नहीं है। अफसरों की लापरवाही से आम आदमी परेशान है।
अजय त्यागी कहते हैं कि फ्रीगंज रोड पर पिछले छह माह से ऐसा हो रहा है कि जहां चाहे वहां सड़क खोदी जा रही है, लेकिन सही कराने की दिशा में आला अधिकारी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। स्वर्ग आश्रम रोड नाला निर्माण भी धीमी गति से हो रहा है।
देवेंद्र सिंह का कहना है कि पालिका अफसरों आए दिन शहरवासियों को बेहतर सुविधा देने का दावा करते हैं, लेकिन फ्रीगंज रोड निर्माण लोगों के लिए नासूर बनता जा रहा है। अफसर जल्द निर्माण कार्य पूरा कराएं।
नगर पालिका, जलनिगम, बिजली निगम, के अफसरों को निर्देशित किया जा रहा है कि जल्द ही सड़क, नाले का निर्माण तेजी से कराया जाए। इसमें लापरवाही न बरती जाए। -अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी