मामले में उचित धारा लगाने की मांग
- फोटो : अमर उजाला
भोवापुर गांव निवासी एक व्यक्ति की मारपीट में मौत के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर पीड़ित परिजनों ने शनिवार को एसपी से मुलाकात की। भोवापुर गांव निवासी अशोक ने एसपी को बताया कि उसके गांव के दो भाइयों पर मजदूरी के 4100 रुपये बकाया थे।
छह सितंबर को वह रुपये मांगने गया था, जहां दोनों भाइयों ने उसे मारपीट कर भगा दिया। मारपीट की सूचना पर अशोक के दो भाई राजवीर व विनोद मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी लाठी से हमला बोल दिया, जिसमें राजवीर व विनोद गंभीर रुप से घायल हो गए।
दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सात सितंबर को राजवीर ने दम तोड़ दिया। इस मामले में तहरीर देने पर पुलिस ने हल्की धाराओं में दर्ज कर ली और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
शनिवार को पीड़ित परिजनों ने एसपी से इस मामले में उचित धारा लगाने की मांग की है। साथ ही एएसपी रामनयन यादव ने बताया कि मामले की शिकायत के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।