हापुड़। व्यवसायिक भवनों के बेसमेंट में पार्किंग की जगह अवैध निर्माण कराकर दुकानें बना दी हैं। प्राधिकरण के अधिकारियों की जांच में 72 व्यवसायिक भवनों की पार्किंग में अवैध निर्माण मिले हैं, जिन्हें प्राधिकरण ने नोटिस जारी किए गए है। तीन दिन के अंदर अवैध निर्माण न हटाने पर सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
जिल में व्यवसायिक भवनों में अवैध निर्माण कराकर नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। साथ ही भवन स्वामी अवैध निर्माण के जरिए लाखों रुपये महीना की आय कर रहे हैं। पिछले दिनों शासन ने निर्देश जारी कर ऐसे व्यवसायिक भवनों को चिह्नित करने के निर्देश दिए थे। प्राधिकरण ने टीम बनाकर व्यवसायिक भवनों की जांच कराई। जांच में 72 भवनों के बेसमेंट में अवैध निर्माण मिले हैं। अवैध निर्माण हटाने के लिए प्राधिकरण ने तीन दिन का समय दिया है। साथ ही प्राधिकरण से स्वीकृत नक्शा भी मांगा है। ऐसा न करने पर प्राधिकरण द्वारा कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जांच में सामने आया है कि सत्ताधारी दल के नेताओं से लेकर कई नामचीन हस्तियों के भवनों में यह कमियां मिली हैं।
पार्किंग न होने से लग रहा जाम
नगर के व्यवसायिक भवनों के बेसमेंट में पार्किंग की जगह दुकानों का निर्माण बड़े स्तर पर मिला है। यही कारण है कि सड़कों पर वाहन पार्किंग के कारण जाम भी लग रहा है। जिन व्यवसायिक भवनों में अवैध निर्माण मिला है। यह सबसे अधिक हापुड़ व पिलखुवा में हैं।
अस्पतालों के पास नहीं अग्निशमन विभाग की एनओसी
जांच में सामने आया है कि अस्पतालों से लेकर कई शोरूम व प्लाजा के पास अग्निशमन विभाग की एनओसी तक नहीं है। ऐसे में आग लगने पर बड़ा नुकसान हो सकता है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने भी जांच के दौरान मॉल, अस्पताल, शोरूम व प्लाजा की जांच की है।
कोट -
गठित कमेटी द्वारा 72 व्यवसायिक भवनों में कमियां मिलने पर नोटिस जारी किए गए हैं। अगर तीन दिन के अंदर भवन स्वामियों द्वारा कमियों को दूर नहीं किया गया तो प्राधिकरण द्वारा सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
- सीपी त्रिपाठी, सचिव, एचपीडीए