जिले में अवैध प्लाटिंग व कालोनियों का धंधा फलफूल रहा है। बिना मानचित्र पास कराए प्रापर्टी डीलर लोगों की गाढ़ी कमाई हड़प रहे हैं। इसके चलते प्राधिकरण अफसरों को अवैध कालोनियों पर कार्रवाई के लिए परेशान होना पड़ता है।
इस हालात से निपटने के लिए एचपीडीए रणनीति बनाने में जुट गया है। जिले भर की 50 से अधिक ऐसी अवैध कालोनियों और फ्लैटों में निर्माण कार्य हो रहा है। जिन्हें चिन्हित कर जल्द नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके बाद इनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, जिले में भूमाफियाओं का जाल है। बिना मानचित्र पास कराए भूमाफिया कृषि भूमि पर प्लाटिंग कर अपनी जेब गरम कर रहे हैं। अब एचपीडीए ऐसी कालोनियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करेगा।
प्राधिकरण के वीसी राकेश कुमार सिंह कहते हैं कि अवैध कालोनियों के खिलाफ कार्रवाई का खाका तैयार कर लिया गया है। जिले में ऐसे प्लाट, कालोनियों और फ्लैटों को चिन्हित कर नोटिस की तैयारी है। किसी भी स्थिति में ऐसे लोगों के खिलाफ नरमी नहीं बरती जाएगी।
हापुड़ में गांव चमरी, चंद्रलोक कालोनी, जसरूप नगर, असौड़ा, दादरी, सादिकपुर, उबारपुर, चितौली, दौमी, धनौरा, जरौठी आदि अवैध कालोनियां कटी है।
वहीं, बाबूगढ़ में नेशनल हाईवे के पास बछलौता रोड, बागड़पुर रोड, उपैड़ा, कुचेसर चौपला, शाहपुर जट्ट, बनखंड़ा आदि में ऐसी कॉलोनियों की भरमार है। इसी तरह गढ़ में सिंभावली के आसपास, बक्सर, वैट, झड़ीना, अल्लाहबख्सपुर, ब्रजघाट में अवैध प्लाट काटे जा रहे हैं।