औचक निरीक्षण के दौरान दत्तियाना अस्पताल में ताला लटका मिलने पर सीएमओ ने दो कर्मचारियों को मौके पर ही निलंबित कर दिया। वहीं गैर हाजिर चिकित्सक और फार्मेसिस्ट के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति कर शासन को रिपोर्ट भेजी गई है। सिंभावली पीएचसी में सफाई न मिलने पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई।
सीएमओ डॉ. एके सिंह सुबह करीब साढ़े 10 बजे दत्तियाना गांव के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां अस्पताल के मेन गेट पर ताला लटका हुआ था और कोई भी चिकित्सक या स्टाफ नहीं पहुंचा था।
इस पर सीएमओ बुरी तरह भड़क गए और लैब असिस्टेंट तौकीर हसन अंसारी व वार्ड ब्वॉय चंद्रप्रकाश को मौके पर ही निलंबित कर दिया। जबकि चिकित्सक जफर कुरैशी और फार्मेसिस्ट प्रशांत के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति कर शासन और स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट भिजवा दी।
इसके बाद उन्होंने सिंभावली पीएचसी का निरीक्षण किया। यहां स्वास्थ्य और चिकित्सा सेवाएं सुचारु मिलीं, लेकिन अस्पताल परिसर में अपेक्षित साफ सफाई नहीं थी। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
इसके अलावा उन्होंने गर्मी के सीजन के मद्देनजर अस्पताल में रखे वाटर कूलर को मरीजों के लिए बाहर रखवाने का निर्देश भी दिया। सीएमओ ने बताया कि हरोड़ा पीएचसी पर तैनात चिकित्सक संतोष कुमार के गैर हाजिर रहने की शिकायत पर उनका वेतन रोककर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सिंभावली पीएचसी बनेगी मॉडल पीएचसी
सीएमओ ने बताया कि शासन स्तर से चलाई जा रही कायाकल्प योजना के तहत सिंभावली पीएचसी का चयन भी हुआ है। इसके तहत योजना की जिला प्रभारी डॉ.गरिमा चौधरी की देखरेख में पीएचसी को मॉडल पीएचसी के रूप में विकसित कराया जाएगा।
इसमें पार्क, पार्किंग स्टैंड, जलभराव से निपटने को वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, चाक चौबंद सफाई व्यवस्था और निजी अस्पतालों की तर्ज पर बेहतर चिकित्सा सेवाएं मुहैया होंगी।
गढ़ सीएचसी ने हापुड़ सीएचसी को पछाड़ा
वर्किंग बेस पर गढ़ सीएचसी ने जनपद मुख्यालय से जुड़ी हापुड़ सीएचसी को पीछे छोड़ दिया है, इसे प्रदेश स्तर पर सेहत महकमे ने 72 फीसदी अंक दिए हैैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ.एसपी सिंह का कहना है कि
वर्किंग बेस पर 72 फीसदी अंक पाने वाली सीएचसी में गढ़ के अलावा प्रदेश स्तर पर 8 और सीएचसी शामिल हैं। मंडल स्तर पर मोदीनगर सीएचसी को सर्वाधिक अंक हासिल हुए हैं।