कोतवाली के सामने बच्चों के एक अस्पताल के आपरेशन थियेटर के पास गैस सिलेंडर में लीकेज होने से आग लग गई। अस्पताल के कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी, लेकिन फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया।
इससे अस्पताल में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। कोतवाली के सामने केयर हॉस्पिटल में मंगलवार की दोपहर करीब 12:30 बजे अपरेशन थियेटर के पास गैस सिलेंडर में लीकेज से आग लग गई।
आग की लपटें उठती देख कर्मचारियों व तीमारदारों में अफरातफरी मच गई। अस्पताल के कर्मचारी फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही आग बुझाने में जुट गए। फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने से पहले ही कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया।
कर्मचारियों की माने तो गनीमत यह रही कि आग पर कुछ देर ही में काबू पा लिया गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। उधर, सीएफओ अनिमेष सिंह का कहना है कि गैस सिलेंडर में गैस लीक होने के कारण आग लगी है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।