जिला लखीमपुर निवासी एक व्यक्ति ने खीरी थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि वह 30 सितंबर को अपनी पत्नी के साथ भगवान खाटू श्याम के दर्शन के लिए गया था। इस दौरान उसकी पत्नी, दो पुत्री व दो पुत्र घर पर ही मौजूद थे। आरोप है कि लखीमपुर खीरी के मोहल्ला रोशन नगर निवासी हस्नान उसकी एक पुत्री को कस्बा बरबर निवासी सलमान और अल्तमस की मदद से बहला फुसला कर ले गया।
पीड़ित ने मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे में उसने लव जिहाद के तहत उसकी पुत्री का धर्म परिवर्तन कराए जाने की आशंका व्यक्त की थी। तभी से पुलिस आरोपियों का तलाश रही थी।
शुक्रवार रात हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों को सूचना मिली कि नौचंदी ट्रेन में सवार होकर युवक युवती कहीं फरार होने की तलाश में हैं। जिसके बाद कार्यकर्ता हापुड़ स्टेशन पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने आरोपी युवक हस्नान और युवती को यहां रोक लिया और पुलिस को मामले की जानकारी दी। देर रात पहुंची लखीमपुर खीरी पुलिस और युवती के परिजन दोनों को अपने साथ लेकर रवाना हो गए। लखीमपुर खीरी पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।