महिला स्वास्थ्य कार्यकत्री प्रशिक्षण केंद्र पिलखवा में मंगलवार रात आग लगने से हजारों का फर्नीचर जलकर राख हो गया। इस दौरान लेंटर भी नीचे गिर गया। आसपास के लोगों ने रात में आग की लपटे देखी तो पुलिस को सूचित किया।
कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल गाड़ी को बुलाया और कड़ी मशक्कत कर आग को बुझाया। आतिशबाजी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पिलखुवा में रेलवे रोड पर महिला स्वास्थ्य कार्यकत्री प्रशिक्षण केंद्र है।
बताते हैं कि मंगलवार रात एक बजे केंद्र के अंदर रखे फर्नीचर में आग लग गई। आग से केंद्र का लेंटर भी नीचे गिर गया। आसपास के लोगों ने आग की लपटे देखीं तो पुलिस को सूचित किया। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर दमकल गाड़ी को बुलाया।
करीब आधे घंटे मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। केंद्र के कुक रजनेश कुमार ने बताया कि आतिशबाजी के कारण आग लगने की आशंका है। आग लगने से केंद्र का फर्नीचर जल गया है और लेंटर भी नीचे गिर गया है।
कोतवाल अजय अग्रवाल ने बताया कि रात में आग लगने की सूचना मिली थी। थोड़ी देर बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया था।