सगाई समारोह से लौट रहे युवक की हादसे में मौत
पिलखुवा। सगाई समारोह में शामिल होकर लौट रहे बाइक सवार एक व्यक्ति की अनवरपुर कट सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका साढू गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। थाने पर मृतक के भाई ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र गांव खैरपुर-खैराबाद निवासी 42 वर्षीय कुलवंत सिंह बुधवार की देरशाम गाजियाबाद निवासी अपने साढू संदीप के साथ बाइक पर बुलंदशहर के थाना शिकारपुर अंतर्गत रिश्तेदारी में आयोजित सगाई समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहा था। रास्ते में अनवरपुर कट सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सड़क पर गिर गई और कुलवंत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह पुंडीर ने बताया कि मृतक के भाई भूपेंद्रपाल सिंह की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।