कार और दो लाख के लिए महिला को घर से निकाला
पिलखुवा। विवाहिता ने अतिरिक्त दहेज के खातिर प्रताड़ित करने और पीटकर घर से निकाले का आरोप ससुरालियों पर लगाया है। पीड़ित महिला ने थाने पर पति, सास और जेठ के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी गत 28 फरवरी 2020 को मेरठ के थाना परतापुर क्षेत्र के गांव अछरोण्डा निवासी कुलदीप के साथ हुई थी। शादी में उसके परिजनों द्वारा दस लाख से अधिक खर्च किए थे। महिला का कहना है कि परिजनों द्वारा शादी में दिये गए दान-दहेज से ससुरालिया खुश नही थे और वह दो लाख रुपये नगद एवं कार की अतिरिक्त मांग कर रहे थे। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराली ने महिला को गत 13 सितंबर 2020 को मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़ित किसी तरह वहां से अपने मायके में आ गई। आरोप है कि गत 10 अक्टूबर को महिला का पति कुलदीप, सास मुन्नी देवी और जेठ भजनलाल गांव कांवी आए और विवाहिता के साथ मारपीट की। पीड़िता ने इसकी शिकायत पहले महिला थाने में की। महिला थाने में दोनों के बीच काउंसिलिंग कराई गई, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। इससे परेशान होकर महिला ने थाने पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर उसके पति कुलदीप, सास मुन्नी देवी और जेठ भजनलाल के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तार के लिए पुलिस की एक टीम मेरठ रवाना की गई है।