युवती से छेड़छाड़ करने पर युवक को ग्रामीणों ने पीटा
पिलखुवा। घर के बाहर खड़ी युवती को अकेला देख बाइक सवार युवक द्वारा अश्लील फब्दियां कसते छेड़छाड़ करना भारी पड़ गया। ग्रामीणों ने तीन में से एक युवक को पड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। घायल को उसके परिजनों द्वारा निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल युवक की हालत चिंताजनक बनी हैं। युवती के पिता ने थाने पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती गत 22 जुलाई की रात करीब साढ़े नौ बजे अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान पड़ोसी गांव निवासी तीन बाइक सवार युवक वहां पर पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने युवती को अकेला देख अश्लील फब्दियां कसते हुए छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। पीड़िता द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। युवती के शोर मचाने पर ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर भागने लगे। ग्रामीणों ने एक आरोपी को दबोच लिया जबकि दो भाग जाने में कामयाब रहे। ग्रामीणों ने पकड़े युवक की जमकर धुनाई कर लहूलुहान कर दिया। बाद में सूचना पर पहुंचे युवक के परिजनों ने घायल को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी है। पीड़िता के पिता ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि पीड़िता युवती के पिता की तहरीर पर तीन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।