सामान्य योजना के नलकूप बिजली कनेक्शन हुए बंद
पिलखुवा। प्रदेश सरकार ने विद्युत निगम की सामान्य नलकूप योजना बंद कर दी गई है। अब किसानों को नलकूप कनेक्शन पर सब्सिडी नहीं दी जाएगी। पिलखुवा डिवीजन के सैंकड़ों किसानों की लंबित पड़ी नलकूप कनेक्शन की फाइल नए आदेश के बाद अब अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को सामान्य योजना के तहत नलकूप के बिजली कनेक्शन आवंटित किए जाते थे। इसके तहत प्रदेश सरकार द्वारा किसान को सब्सिडी दी जाती थी। प्रदेश सरकार ने अब यह सब्सिडी बंद कर दी है। अब किसानों को नलकूप कनेक्शन के लिए जमा योजना के तहत पूरी धनराशि जमा करनी होगी। सामान्य योजना के अंतर्गत लंबित पड़ी किसानों की फाइल को सरकार के अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि आगामी चुनाव से पहले ही इस योजना पर लगी रोक हटने की संभावना है। इसके बाद ही सामान्य योजना के तहत नलकूप कनेक्शन मिल सकेंगे।
पिलखुवा के एसडीओ नितिन गुप्ता का कहना है कि नलकूप योजना में सामान्य कनेक्शन बंद कर दिए गए हैं। अब सामान्य योजना में नलकूप कनेक्शन नहीं किया जाएगा। सरकार की तरफ से रोक हटने के बाद ही सामान्य योजना में कनेक्शन दिए जाएंगे। संवाद।