फर्जी दस्तावेज से सरकारी भूमि बेची
धौलाना। गांव देहरा में कुछ लोगों द्वारा जालसाजी कर फर्जी तरीके से दस्तावेज तैयार कर सरकारी भूमि को बेच दिया गया। इस मामले में एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल ने छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव उदयरामपुर नंगला निवासी एक ग्रामीण ने गांव देहरा की सरकारी भूमि का फर्जी बैनामा होने के शिकायत की थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने उक्त भूमि के खसरा नंबरों की जांच कराई। संबंधित खसरा नंबरों पर संक्रमणीय भूमिधर होने संबंधी कोई आदेश अंकित नहीं मिला। गांव देहरा निवासी इरफान ने भूमाफियाओं से मिलकर अभिलेखागार में फर्जी एवं जालसाजी कर पत्रावली तैयार कर करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन को बेच दिया। एसडीएम सुनीता सिंह के निर्देश पर लेखपाल महेंद्र सिंह ने जफरयाब, इरफान, राहुल यादव, मनोज कुमार, राहुल सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। एसडीएम सुनीता सिंह का कहना है कि सरकारी भूमि बिक्री करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस प्रकार के मामलों में गड़बड़ी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।