आधा घंटा गेट पर खड़ी रही टीम, नहीं खुला फैक्टरी का गेट
- छत के रास्ते घुसे कर्मचारियों ने खोला गेट, अनियमितताएं मिलने पर लगाई सील
संवाद न्यूज एजेंसी
धौलाना। औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरियों के भौतिक सत्यापन अभियान के तीसरे दिन जांच टीम ने 23 फैक्टरियों की जांच की। एक फैक्टरी के बाहर टीम करीब आधा घंटे तक खड़ी रही, लेकिन गेट नहीं खोला गया। जिसके बाद दमकल कर्मियों ने छत के रास्ते अंदर प्रवेश कर गेट खुलवाया। फैक्टरी में अनियमितता मिलने पर सील कर दिया गया। जबकि एक फैक्टरी में विद्युत आपूर्ति काट दी गई। अभी तक औद्योगिक क्षेत्र में चार फैक्टरियों को सील किया जा चुका है।
बुधवार को एसडीएम धौलाना सुनीता सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान 11 ईकाइयां बंद मिली, फेज 2 की इकाई संख्या 611 में अधिकारियों द्वारा बार-बार खटखटाने और आवाज लगाने के बाद भी गेट नहीं खोला गया तो कर्मचारियों ने छत के रास्ते अंदर जाकर फैक्टरी का गेट खोला। फैक्ट्री के अंदर जाने पर अधिकारियों को काफी अनियमितताएं मिलीं, यहां प्रदूषण के मानकों का पालन नहीं हो रहा था, बिना अनुमति के तय मात्रा से अधिक डीजल का भंडारण किया गया था। जो कभी भी हादसे का कारण बन सकता था। इस फैक्टरी को सील करने के साथ टीम ने 603 द्वितीय फेज में भूखंड स्वामी द्वारा बिजली कनेक्शन किराए पर देने की जानकारी सामने आने पर विद्युत कनेक्शन काट दिया।
इस दौरान जिला उद्यम अधिकारी पंकज निर्वाण, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी रंजीत प्रताप सिंह, जीएसटी विभाग से सूरत सिंह गौतम, श्रम विभाग से सर्वेश कुमारी, कारखाना विभाग से प्रत्यूष गुप्ता, सर्वेश कुमार मौजूद रहे। संवाद