शटल, खुर्जा पैसेंजर और नौचंदी एक्सप्रेस रही रद्द
हापुड़। बुंदकी और नगीना रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे द्वारा पुलों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिसके कारण रविवार को एक एक्सप्रेस और दो पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहीं। ऐसे में यात्रियों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्हें अपने गंतव्य तक जाने के लिए अन्य संसाधनों का इस्तेमाल करना पड़ा।
ट्रेनों का संचालन बेहतर करने के लिए रेलवे द्वारा कई परियोजनाओं पर युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। जिसके कारण जगह-जगह ब्लाक लेकर ट्रेनों को रद्द किया गया है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण ट्रेनों का संचालन बेपटरी हो गया था और अब संचालन पूरी तरह से पटरी पर आ गया है। ऐसे में यात्रियों को सुविधा देने पर रेलवे पूरा जोर दे रहा है।
बुंदकी और नगीना के बीच में रेलवे द्वारा पुल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिसके कारण रविवार को सहारनपुर से वाया हापुड़ के रास्ते लखनऊ की ओर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस को रद्द किया गया। साथ ही बुलंदशहर से वाया हापुड़ के रास्ते चलने वाली शटल और खुर्जा-मेरठ पैसेंजर को भी रद्द किया गया। स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह ने बताया कि सोमवार को शटल और खुर्जा पैसेंजर ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू हो जाएगा। प्रयागराज से चलकर वाया हापुड़ से मेरठ तक जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस सोमवार को भी रद्द रहेगी। मंगलवार को इस ट्रेन का संचालन भी पटरी पर आ जाएगा। रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के रद्द रहने का अनाउंसमेंट कराया जा रहा है।