बच्चों के खेलने के दौरान हुए विवाद में चार घायल
धौलाना। क्षेत्र के गांव देहरा में बच्चों के खेलने के दौरान हुआ विवाद देखते ही देखते हाथापाई में तब्दील हो गया। इस दौरान दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट में एक महिला गम्भीर रूप से घायल हो गई। जिसका उपचार मेरठ के अस्पताल में चल रहा है। इस संबंध में एक पक्ष के सात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव देहरा में मोनू का पुत्र दीप भी घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान पड़ोस में रहने कुछ बच्चों ने दीप के साथ मारपीट करते हुए उसे घायल कर दिया। मोनू ने आरोप लगाया कि जब वह बच्चों को शिकायत लेकर उनके घर पहुंचा तो दूसरे पक्ष ने उन पर हमला कर लहूलुहान कर दिया। इसकी शिकायत पुलिस से की तो क्षुब्ध आरोपी पक्ष के लोगों ने देर रात ड्यूटी से घर लौट रहे मोनू के भाई को रोक लिया। विरोध करने पर कुछ लोगों ने उनके परिजनों पर धावा बोल दिया। जिसमें मोनू की पत्नी कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पुलिस ने स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने महिला की गंभीर हालत को देखकर हापुड़ के लिए रेफर कर दिया। महिला की स्थिति बिगड़ने पर मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।